उझानी। बदायूं के लालपुल पर एक माह पहले सड़क हादसे में घायल हुए किशोर की इलाज के दौरान सोमवार रात मौत हो गई।
लालपुल पर स्मार्ट प्वाइंट पर पशु चिकित्सालय के सामने ट्रक ने उझानी के गौतमपुरी मोहल्ला निवासी कृष्णा (17साल) पुत्र अजय सिंह और मोहल्ले के ही अनु और अमन की बाइकें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में तीनों किशोर घायल हुए थे। कृष्णा को गंभीर चोटें आई थीं। हालत नाजुक होने पर बरेली, सैफई और दिल्ली के अस्पतालों में उपचार कराया।
दिल्ली में मामूली सुधार होने पर परिजन घर ले आए थे। सोमवार रात तबीयत बिगड़ने से कृष्णा की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह उझानी से मझिया गांव दावत में शामिल होने जा रहे थे। तभी लाल पुल पर यह हादसा हो गया था। पुलिस ने मंगलवार को कृष्णा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया।