उझानी। शादी से 11 दिन पहले किशोरी अपने प्रेमी के साथ लापता हो गई। वह अपने साथ जेवरात और तीन लाख रुपये भी ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र का है। एक व्यक्ति की 15 वर्षीय बेटी दो दिन पहले शाम करीब सात बजे घर से लापता हो गई। इसकी भनक लगते ही किशोरी की मां और उसके परिजन पड़ोसी के घर पहुंचे। पड़ोसी के बेटे अनुज साहू उर्फ कन्हैया से उसका मिलना- जुलना था। परिजनों को कन्हैया भी घर पर नहीं मिला। अगले दिन भी किशोरी और आरोपी में कोई भी घर नहीं लौटा तो परिजनों ने कोतवाली आकर पुलिस को अवगत कराया।
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि कन्हैया की हरकतों की वजह से उन्होंने बेटी को बालिग होने से पहले ही शादी तय कर दी थी। एक अक्तूबर को आनी थी। शादी की तैयारी करते हुए जेवरात भी खरीद लिए थे। आरोप है कि सोने- चांदी के जेवरात और तीन लाख रुपये भी वह अपने साथ ले गई है। पुलिस ने कन्हैया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।