उझानी। दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे किशोर को रौंद दिया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार भी घायल हुआ है।
मृतक यश तोमर उर्फ नक्कू (17) कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज निवासी भूपेंद्र उर्फ भुवनेश का बेटा था। वह सुबह करीब सात बजे घर से निकलकर मंदिर की ओर चला। सड़क पार करते समय सहसवान की ओर से आ रही बाइक ने उसे रौंद दिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार सहसवान के पठानटोला मोहल्ला निवासी सरफराज भी सड़क पर गिर पड़ा। वह भी यश समेत घायल हो गया। चश्मदीदों की सूचना के बाद यश के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। निजी वाहन से वह यश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में घायल बाइक सवार सरफराज को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बाद में उसे भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल से यश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक यश चार भाइयों में सबसे छोटा था। यश की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बाइक पुलिस के कब्जे में है। घायल बाइक सवार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।