ककराला (बदायूं)। अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला में रविवार सुबह 15 वर्षीय सोनू उर्फ साहिल की ट्यूबवेल के हौद में नहाने के दौरान डूबकर मौत हो गई। किशोर के परिवार वालों ने शव को हौद से निकाल लिया। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
कस्बा ककराला के वार्ड नंबर 24 निवासी साबिर अली ने एक व्यक्ति का खेत बटाई पर ले रखा है। रविवार सुबह उनका बेटा सोनू उर्फ साहिल खेत पर ट्यूबवेल से फसल की सिंचाई कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक यह मामला सुबह सात बजे का है। फसल की सिंचाई करने के दौरान सोनू ट्यूबवेल के हौद पर नहाने आया था। किशोर हौद में नहा रहा था कि इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और उसके सिर में चोट लग गई। इसके बाद वह हौद में गिर गया और डूबकर उसकी मौत हो गई।
उस दौरान मौके पर मोहल्ले के कुछ बच्चे मौजूद थे। उन्होंने हादसे के बाद शोर मचाया। साबिर अली को सूचना दी। इससे परिवार के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किशोर को हौद से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार वाले उसके शव को अपने घर ले गए। उन्होंने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। साबिर अली ने लिखकर दिया है कि उनका बेटा हौद में फिसलकर गिर गया था। यह एक हादसा था, इसलिए वह शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते।