सिलहरी। मूसाझाग थानाक्षेत्र के एक गांव में 23 मार्च की रात डीजे देखने गई किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 23 मार्च की रात करीब 11 बजे उनकी बेटी (14) डीजे देखने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिवार के लोगों ने देर रात तक क्षेत्र में खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। तड़के बेटी घर लौटी तो उसने परिजनों को आपबीती बताई।
बेटी ने बताया कि जब वह डीजे देखने गई थी तब उसे गांव का एक व्यक्ति अगवा कर ले गया। आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद वह उसे बदहवास हालत में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अपहरण एवं दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, पुलिस ने पीड़ित किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश भी दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। मूसाझाग थाना प्रभारी कार्यवाहक राजीव कुमार ने बताया आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।