बदायूं। वजीरगंज क्षेत्र में एक दूसरे समुदाय के युवक ने चार साथियों के साथ तमंचे के बल पर पिता के सामने किशोरी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अज्ञात साथियों की पहचान की जा रही है।
कस्बा निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि 19 जुलाई की रात वह परिवार के साथ घर में थे। इसी बीच उनके घर में कस्बा का ही सोहिल अपने चार साथियों के साथ घर में घुस आया। उसने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की। बेटी की चीख पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचे। आरोपी का विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहते हुए साहिल व उसके साथियों ने तमंचा से डराया धमकाया। इसके बाद आरोपी ने तमंचे के बल पर उनकी बेटी का अपहरण कर ले गए। उन्होंने अगली सुबह आरोपी के परिजनों से बेटी को वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने एक न सुनी। उनकी बेटी की जान का खतरा सता रहा है। पुलिस ने सोहिल व चार अज्ञात के खिलाफ एससीएसटी एक्ट, अपहरण, धमकी समेत सात धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। वजीरगंज इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया, आरोपी को जेल भेज दिया है। पीड़िता मिल गई है। बयान व मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।