बदायूंं। टोना टोटका के शक में एक युवक पर गांव के चार लोगों ने फरसा से हमला कर दिया। इससे वह जख्मी हो गया। उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। घायल का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गलोथी निवासी वीरेंद्र मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 20 जुलाई को वह, उनका बेटा शिवम व परिवार के लोग घर में थे। इसी बीच गांव के राजकुमार, गेंदनलाल, संदीप व नंदू अचानक घर में घुस आए। उन्होंने टोना टोटका से परेशान करने का आरोप लगाकर गाली गलौज की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों के हाथ में धारदार हथियार व फरसा था। उनके बेटे शिवम ने हमलावरों का विरोध किया। इस पर हमलावरों ने शिवम मिश्रा के सिर पर फरसे से कई प्रहार किए। इससे बेटे के सिर में गंभीर चोट आई। बेटे की हालत मरणासन्न है।
चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। उन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर जाने लगे। हमलावरों ने पुलिस से शिकायत करने पर गांव में नहीं रहने की धमकी दी। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।