बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के तालगांव में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर मंगलवार रात हमला हो गया। इस घटना में विद्युत निगम के दो कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें अपनी गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की गाड़ी से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे उनके नशे में होने का अनुमान है। तहरीर न मिलने के कारण पुलिस ने अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
घटना मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। गांव में एक व्यक्ति चोरी से चक्की चला रहा था, जिसकी सूचना किसी ग्रामीण ने विद्युत निगम को दी। सूत्रों के अनुसार, जिन कर्मचारियों को सूचना मिली थी, वे शराब पी रहे थे। सूचना मिलते ही वे अपना सामान समेटकर गाड़ी में रखकर तालगांव पहुंचे। उन्होंने चोरी से चल रही चक्की को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान गांव के लोग इकट्ठा हो गए।
कर्मचारियों के मुंह से शराब की गंध आने पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर टीम के सभी कर्मचारी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए। कर्मचारियों की छोड़ी गई गाड़ी से शराब की बोतलें, नमकीन और गिलास जैसे सामान बरामद हुए। कुछ ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया है। गांव में यह चर्चा है कि विभाग अपनी बदनामी छिपाने के लिए पुलिस को तहरीर नहीं दे रहा है। यदि रात में पुलिस को सूचना दी जाती, तो कर्मचारियों के नशे में होने की बात सार्वजनिक हो जाती। इससे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। मूसाझाग के इंस्पेक्टर वीरेंद्र तोमर ने बताया कि तालगांव में मारपीट होने की सूचना मिली थी। हालांकि, अभी तक किसी ने भी पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है।
इस तरह का कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। इस बारे में पता करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी। - चंद्रशेखर कुमार, अधीक्षण अभियंता