हरीश अनेजा मेमोरियल प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू
‘गूंज’ सामाजिक जनकल्याण शिक्षा समिति के तत्वावधान में यूपीएल के आगाज पर मैच लगान इंडिया ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजों में राहुल के 40 और आफताब के 36 रन की बदौलत लगान इंडिया ने 149 रन बनाए। इसमें सोनू साहू की ओर से तेजी से बनाए गए 16 रन भी शामिल हैं। रॉयल चैंलेजर के गेंदबाजों में जोंटी ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए। जवाब में चैलेंजर के बल्लेबाज शुरू में तो अच्छे खेले लेकिन मध्यमक्रम टीम का साथ नहीं दे पाया। टीम सात रन पहले ही 142 के स्कोर पर ढेर हो गई। रोमांचक मुकाबले को टर्निंग प्वाइंट पर लेने में लगान इंडिया के गेंदबाज मखलूस का योगदान रहा। उसके खाते में तीन विकेट आए। मखलूस को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले बरेली तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अमरपाल सिंह अरोरा उर्फ रोंपी ने दोनों टीम के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने गुब्बारे उड़ाकर मैच शुरू कराया। गूंज के चेयरमैन राजन मेंदीरत्ता और अध्यक्ष किशनचंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि श्री रोंपी का स्वागत किया। अंपयारिंग बरेली के विपिन और नीतीश भारद्वाज ने की। इस मौके पर योगेश प्रताप सिंह, सुभाषचंद्र मिनोचा, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, नकी अहमद, अमित माहेश्वरी, सुशील सक्सेना, इसरार खलीफा, इकबाल अहमद, नवेद खां और हिमांशु आदि मौजूद थे।