बदायूं। नगर पालिका बदायूं क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर हाउस टैक्स का भार बढ़ने वाला है। पूर्व के सापेक्ष ढाई फीसदी टैक्स बढ़ाया जाएगा। अब मकान की वैल्यू का 17.5 फीसदी टैक्स लिया जाएगा। इसके लिए पालिका के कर्मचारियों ने सर्वे शुरू कर दिया है। इसका असर शहरी क्षेत्र के 30 हजार मकानों पर पड़ेगा।
टैक्स वसूली के लिए नगर पालिका ने वर्ष 2006 में सर्वे कराया था। उस समय 24 हजार मकान टैक्स के दायरे में थे। उसमें से व्यावसायिक से हर साल 70 से 80 लाख रुपये और आवासीय से 50 लाख रुपये की आय होती थी। टैक्स बढ़ाने के लिए शासन से दो माह पहले नई नियमावली आई। उस नियमावली के क्रम में बदायूं नगर पालिका प्रशासन ने दो माह पहले बैठक कर टैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया था। उसके बाद निगम के कर्मचारियों को सर्वे में लगा दिया गया है। अभी यह सर्वे सुस्त चल रहा, क्योंकि पीएम आवास योजना के सत्यापन में कर्मचारी लगे हुए हैं। अब आवासों की संख्या भी करीब 30 हजार हो गई है। नई दरें लागू होने से शहरवासियों पर टैक्स का भार बढ़ेगा, लेकिन निगम के आय में बढ़ोतरी होगी। कर अधीक्षक लवी कुमार ने बताया कि नई नियमावली के अनुसार मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। नए वित्तीय वर्ष से टैक्स जमा करने को लेकर नोटिस भी भेजा जाएगा।
अब देना होगा 17.5 फीसदी टैक्स
टैक्स की नई नियमावली के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष से मकान के एनुअल रेंटल वैल्यू (एआरवी) का 7.5 फीसदी वाटर टैक्स और 10 फीसदी हाउस टैक्स यानी कुल 17.5 फीसदी लिया जाएगा। पहले पांच फीसदी हाउस टैक्स और 10 फीसदी वाटर टैक्स यानी कुल 15 फीस टैक्स लिया जाता था। अब वाटर टैक्स कम किया गया है तो हाउस टैक्स बढ़ाया गया है।
-
बकाया है 22 करोड़ का टैक्स
नगर पालिका का बिजली निगम पर 3.92 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। इसी तरह रेलवे पर 1.57 करोड़ और परिवहन निगम पर 40 लाख रुपये बकाया है। तहसील पर भी टैक्स बकाया है। पालिका की अधिकारियों का कहना है कि उनके नियमों में नोटिस जारी करने तक की ही शक्ति है। किसी का प्रतिष्ठान सीज नहीं कर सकते हैं।
- नगर पालिका बदायूं में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स को लेकर शासन से गाइडलाइन जारी हुई थी। उसको लेकर नगर पालिका सर्वे कराया जा रहा है। - अरुण कुमार, एडीएम, प्रशासन
- वित्तीय वर्ष 2020-21 में बरेली महानगर से ज्यादा टैक्स नगर पालिका में लगा दिया गया था। उसे हमने 40 फीसदी तक कम किया है। शासन से नई टैक्स नियमावली के तहत सर्वे कराया जा रहा है। इसी माह में पूरा होने की उम्मीद है।
- फात्मा रजा, अध्यक्ष, नगर पालिका