उझानी (बदायूं)। चार दिन पहले चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़े कैंटरों में टैक्स चोरी का मामला सामने आ रहा है। रविवार को वाणिज्य कर अफसरों की टीम फिर से जांच करने कोतवाली पहुंची। वाणिज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त अमरदीप वर्मा ने अफसरों के मौजूदगी में तीन कैंटर का तिरपाल हटवाकर देखा तो उसके अंदर दो बीड़ी के बंडल और एक में पान मसाला के पाउच निकले। चालक हालांकि माल के ई-वे बिल नहीं दिखा पाए। अफसरों ने जुर्माना डालने के लिए आकलन शुरू कर दिया है।
रविवार दोपहर में सहायक वाणिज्य कर आयुक्त अमरदीप वर्मा की अगुवाई में चार सदस्यीय टीम दूसरी बार कोतवाली पहुंची। पुलिस से कैंटर पकड़े जाने के पूरे घटनाक्रम से जुड़े मामले पर गौर करने के बाद अफसरों ने उनके चालकों से माल के ई-वे बिल दिखाने को कहा लेकिन उन्होंने बिल होने से इंकार कर दिया। अफसरों ने तीन कैंटरों पर से त्रिपाल हटवाकर भी देखा। दो कैंटर में बीड़ी के बंडल और एक में पान मसाला के पाउस थे। सहायक वाणिज्य कर आयुक्त ने बताया कि कैंटरों में बीड़ी और पान मसाला के पाउस झारखंड से दिल्ली के लिए लोड किए गए थे। रास्ते में बरेली-मथुरा हाईवे पर चार दिन पहले कोतवाली पुलिस ने कैंटर पकड़ लिए थे। उन्हें पुलिस से ही कैंटर पकड़े जाने की सूचना मिली थी। जुर्माना डालने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। बताते हैं कि वाणिज्य कर अफसर अगले दिन ही कोतवाली भी पहुंचे लेकिन शनिवार शाम तक पुलिस और वाणिज्य कर अफसरों ने कैंटरों के अंदर झांकने तक का प्रयास नहीं किया था। बता दें कि शुरू में चार कैंटर पकड़े जाने का मामला सामने आया था लेकिन रविवार को सहायक वाणिज्य कर आयुक्त ने पकड़े गए कैंटरों की संख्या तीन बताई है। एक फिलिंग स्टेशन पर जो कैंटर खड़ा बताया गया था, वह रविवार को नजर नहीं आया। उसके बारे में अब कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं। बताया जा रहा कि पुलिस ने उसे छोड़ दिया है।