-बैंक अधिकारियों की बैठक में सीडीओ ने दी हिदायत
बैंकों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण में देरी और हीलाहवाली को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ अच्छेलाल सिंह यादव ने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध ढंग से किया जाए और शिकायतों को पंजिका पर दर्ज किया जाए ताकि उनका सारा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। यदि शिकायतों को नजरंदाज किया जाएगा तो बैंकर्स के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में सीडीओ ने बैंकों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न शासकीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वरोजगार उपलब्ध कराने वाली शासन की योजनाओं में पात्र आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति के लिए अनावश्यक रूप से हीलाहवाली करने वाले शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। माइक्रो कामधेनु योजना के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक में दो-दो तथा बैंक ऑफ बड़ौदा में एक पत्रावली ऋण स्वीकृत के लिए लंबित पाई गई। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन के तहत सर्व यूपी ग्रामीण बैंक ने 198 के सापेक्ष 105, पीएनबी 102 के सापेक्ष 25, एसबीआई 44 के सापेक्ष 10, बैंक ऑफ बड़ौदा 35 के सापेक्ष 10, जिला सहकारी बैंक 56 के सापेक्ष 25 मामलों में ही ऋण वितरण किया गया है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में पांच, सेट्रल बैंक ऑफ इंडिया 25 तथा इलाहाबाद बैंक में एक पत्रावली ऋण वितरण के लिए भेजी गईं थीं, इसमें इन तीनों बैंकों ने एक भी लाभार्थी को ऋण वितरण नहीं किया है।
नि:शुल्क प्रशिक्षण के लिए करें आवेदन
बदायूं। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के शिक्षित बेरोजगारों को विभिन्न विधाओं में नि:शुल्क प्रशिक्षण देगा। सीडीओ अच्छे लाल सिंह यादव ने बैंकर्स की बैठक के दौरान कहा कि जो शिक्षित बेरोजगार मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, घरेलू बिजली उपकरणों की मरम्मत, डेरी फार्मिंग व वर्मी कंपोस्टिंग, वस्त्र निर्माण, सॉफ्ट ट्वायज मेकिंग, कंप्यूटर एकाउंटिंग, खाद्य प्रसंस्करण, औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती, मशरूम की खेती, कंप्यूटर हार्डवेयर व नेटवर्किंग, वाणिज्य फूलों की खेती, फास्ट फूड स्टाल उद्यमी, वस्त्र पेंटिंग और कढ़ाई का प्रशिक्षण लेना चाहें तो वह अपना आधार कार्ड, पहचान पत्र, राशन कार्ड, बैंक की पासबुक सहित पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।