जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए लगी लाइन। संवाद
बदायूं। जिले में स्वाइन फ्लू के सात मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन संक्रमण की जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओर से कोई तैयारी तक नहीं की गई है। मेडिकल कॉलेज में बीएसएल-2 लैब मौजूद है, लेकिन स्वाइन फ्लू की जांच के लिए जरूरी आरटीपीसीआर (रिवर्स ट्रांसक्रिप्शन पोलीमरेज चेन रिएक्शन) किट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिले में स्वाइन फ्लू का कोई संदिग्ध मरीज सामने आया है तो उसकी जांच कैसे होगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में बीएसएल-2 स्तर की लैब होने के बावजूद स्वाइन फ्लू की जांच शुरू नहीं हो सकी है। इसकी मुख्य वजह आरटीपीसीआर किट उपलब्ध न होना है। जांच की सुविधा के लिए लैब मौजूद है, तकनीकी ढांचा भी है, लेकिन जरूरी किट के अभाव में पूरी व्यवस्था ठप है।
जबकि जिले से जुड़े अब तक सात लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि यह सभी मरीज जिले से बाहर ही पॉजिटिव मिले। वहीं उनका उपचार हुआ। इसके बावजूद जिले में संक्रमण की आशंका वाले मरीजों की जांच के लिए स्थानीय स्तर पर पूरी व्यवस्था तैयार नहीं हो सकी है। इससे स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं
जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए लगी लाइन। संवाद