जानलेवा स्वाइन फ्लू ने जिले में दस्तक दे दी है। स्वाइन फ्लू का एक संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। संदिग्ध मरीज के खून का सेंपल जांच को भेजा गया है। उसे स्वाइन फ्लू है या नहीं यह जांच रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा। फिलहाल स्वाइन फ्लू के इस संदिग्ध मरीज का इलाज बरेली के एक अस्पताल में चल रहा है। बृहस्पतिवार को डेंगू के चार संदिग्ध मरीजों के खून के नमूने भी जांच को भेजे गए हैं। हालांकि अब तक जिले में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है। जानलेवा एन1एच1 (स्वाइन फलू) के लिहाज से जिले को हाईरिस्क श्रेणी में रख गया है। पिछले पांच साल के दौरान जिले में डेढ़ दर्जन से ज्यादा स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। चार लोगों की जान भी जा चुकी है। यह बीमारी पशुओं खासकर सुअर से फैलती है। बिसौली निवासी 35 वर्षीय विनीत को दिन से जुकाम की शिकायत थी। विनीत की सांस भी फूल रही थी। डॉक्टर को दिखाया तो उनको स्वाइन फ्लू के लक्षण बताए गए। इस पर परिवार वालों ने विनीत को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। संक्रामक रोग नियंत्रण सेल से विनीत के रक्त के नमूने को जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह पुष्ट हो सकेगा कि विनीत को स्वाइन फ्लू है या नहीं। इधर, बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने अलग-अलग गांवों से डेंगू के संदिग्ध चार मरीजों के खून के नमूने भी जांच के लिए बरेली भेजे हैं। संक्रामक रोग नियंत्रण सेल प्रभारी डॉ. कौशल गुप्ता का कहना है कि सभी मरीज संदिग्ध हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।