बिसौली/इस्लामनगर। बिसौली और इस्लामनगर के नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को शनिवार को ब्लॉक मुख्यालय पर समारोह पूर्वक पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बिसौली में ब्लॉक प्रमुख अमित पाठक को एसडीएम सीपी सरोज और इस्लामनगर में अनुपमा सिंह को एसडीएम बिल्सी संजय कुमार ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दोनों स्थानों पर शपथ ग्रहण समारोह में जिलेभर के भाजपा नेता जुटे। यह दोनों सीटें अविश्वास प्रस्ताव के जरिये हाल ही में भाजपा ने सपा से छीनी थी।
बिसौली में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर काम कर रही है। अमित पाठक के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी। सांसद डॉ. संघमित्रा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है तो जनता के साथ देशहित को सर्वोपरि मानती है। अमित पाठक ने तन-मन से जनता की सेवा करने की बात कही। ब्लॉक परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम बिल्सी संजय कुमार ने भाजपा की नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख अनुपमा सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं के सामने अनुपमा सिंह ने शपथ ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता होगा। बिसौली और इस्लामनगर दोनों जगह जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सागर, विधायक आरके शर्मा, राजीव कुमार सिंह, कुशाग्र सागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, डीसीबी चेयरमैन उमेश राठौर, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, योगेंद्र सागर, प्रेमस्वरूप पाठक, दयासिंधु शंखधार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक, बनवारीलाल पाठक, राजेंद्र पाठक, हरप्रसाद सिंह, हरिओम पाराशरी, भुवनेश राघव, रामगोपाल मिश्र, दीपमाला गोयल आदि रहे।