बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मना करने वाले आरोपी सिपाही जीशान को पुलिस 12 दिन बाद भी पकड़ नहीं सकी है।
हरदोई में तैनात सिपाही की गिरफ्तारी के लिए बदायूं पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। आरोपी सिपाही पर गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
आरोपी सिपाही जीशान केस दर्ज होने के बाद से हरदोई से 28 सितंबर से मोबाइल बंद कर भागा हुआ है। आरोपी जीशान की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन टीमोंं को सफलता अब तक नहीं मिली है। गौरतलब है कि क्षेत्र के कोट गांव निवासी युवती की प्रेमी सिपाही से मिले धोखे के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। युवती के परिजनों ने आरोपी सिपाही जीशान और उसके परिवार के लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए 29 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराया था।
परिजनों के मुताबिक, युवती की शहर में कोचिंग के दौरान खरबेडी निवासी युवक से दोस्ती हुई थी। नौकरी लगने के बाद सिपाही के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था। 27 सितंबर को सिपाही ने युवती के पिता को फोन कर शादी से इन्कार कर दिया। साथ ही निजी फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई थी।
एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि सिपाही के खिलाफ एनबीडब्ल्यू की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई की तैयारी की जाएगी।