इस्लामनगर। कस्बे के मोहल्ला भुर्जी में शुक्रवार को महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायकेवालों ने ससुरालवालों पर जहर खिलाकर हत्या करने और शव जला देने का आरोप लगाते हुए इस्लामनगर थाने में तहरीर दी है।
मुरादाबाद के थाना थाना मैनाठेर के असतलनगर के रामऔतार ने अपनी बेटी कुुुसुम की शादी करीब 12 साल पहले इस्लामनगर के मोहल्ला भुर्जी में राजेश के साथ की थी। कुसुम के चार बच्चे भी हैं। कुसुम के भाई रामवीर का कहना है कि शुक्रवार सुबह कुसुम के ससुरालवालों ने उनको सूचना दी कि कुसुम ने जहर खा लिया है। करीब पांच मिनट बाद फिर से मोबाइल पर सूचना दी कि कुसुम की मौत हो गई है। मायके वाले जब तक इस्लामनगर पहुंचे तब तक परिवार वालों ने कुसुम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। रामवीर का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार कुसुम को प्रताड़ित करते थे। उसे आशंका है कि उन्होंने उसकी हत्या करने के बाद शव जला दिया। अगर शव का पोस्टमार्टम कराया जाता तो ससुरालियों की गर्दन फंस सकती थी। रामवीर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह का कहना है जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।