नए साल में मंडी प्रशासन व्यापारिक नजरिए से सुपर कॉम्पलेक्स मार्केट का निर्माण कराएगा। कॉम्पलेक्स में करीब 60 और परिसर में ए श्रेणी की एक दर्जन दुकानें बनेगीं। इसके लिए दो करोड़ 20 लाख रुपये धनराशि मंजूर की गई है।
व्यवसायिक दृष्टिकोण से स्थानीय मंडी समिति का जिले में प्रमुख स्थान है। इसी के मद्देनजर पिछले महीना मंडी सचिव राकेश अवस्थी की ओर से परिसर के बाहर सुपर कॉम्पलेक्स मार्केट के निर्माण का प्रस्ताव डीडीए शिवपूजन यादव को भेजा गया था। बाईपास से लेकर कछला रोड वाले छोर तक प्रस्तावित सुपर कॉम्पलेक्स में 60 दुकानें बनेगीं। दुकानों का आवंटन नीलामी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। सुपर कॉम्पलेक्स में आढ़तियों के साथ कोई भी दुकानें हासिल कर सकता है।
इसके अलावा परिसर में ए श्रेणी की एक दर्जन दुकानों का निर्माण भी होगा। दो करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले पूरे प्रोजेक्ट के लिए हालांकि पैमाइश का काम पूरा हो चुका है लेकिन अभी धनराशि अवमुक्त होने की प्रक्रिया बाकी है। टैंडर समेत अन्य अभिलेखीय औपचारिकताएं पूरी होते ही जनवरी के लास्ट वीक में निर्माण कार्य शुरू होने के आसार है। मंडी सचिव श्री अवस्थी ने बताया कि दुकानों के निर्माण से मंडी प्रशासन की आमदनी में भी इजाफा होगा।
सड़क किनारे से हटेगा अतिक्रमण
मंडी समिति के बाहर गेट से लेकर कछला रोड वाले छोर तक खोखा आदि लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। दुकानों के निर्माण के दौरान मंडी प्रशासन को इलाके में से अतिक्रमण हटवाना पड़ेगा। इस बारे में मंडी सचिव का कहना कि प्रस्तावित सुपर कॉम्पलेक्स मार्केट को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।