दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बीधा नगला से लापता युवक का घर में सुसाइड नोट मिला है। इससे परिवार वाले भी हैरान हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी है। अभी युवक का कुछ पता नहीं चला है। परिवार के सभी लोग उसे तलाश कर रहे हैं।
गांव बीधा नगला निवासी मुकेश पाल का पुत्र शिवम कुमार सिंह रविवार रात अपने घर से कहीं चला गया था। कुछ ग्रामीणों ने उसे आदपुर गांव में देखा था। वहां भागवत कथा का आयोजन हो रहा था। युवक वहां अपना मोबाइल फोन छोड़कर चला गया था। तब से परिवार वाले उसे तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह जब परिजनों ने उसके कमरे की तलाशी ली तो उसमें सुसाइड नोट रखा मिला।
युवक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है। वह अपनी पत्नी और ससुराल वालों से ज्यादा परेशान है। मौत के बाद उसकी पत्नी को उसके मायके छोड़ दिया जाए। उसके ससुराल वालों को शरीर से हाथ नहीं लगाने दिया जाए। सुसाइड नोट में और भी कई बातें लिखी हैं। सुसाइड नोट मिलने के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुला हाल है। सभी लोग युवक को तलाश कर रहे हैं। पिता मुकेश पाल ने मंगलवार दोपहर कोतवाली जाकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने को पुलिस को तहरीर दी।