उघैती (बदायूं)। करीब दो महीने पहले फेसबुक पर सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने वाले युवक की पत्नी की भी शुक्रवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यह सब कुछ कैसे हुआ, कुछ पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम छिबऊकला निवासी पवन सक्सेना ने पिछले साल 19 दिसंबर को फेसबुक पर पत्नी शिवानी और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर सुसाइड नोट डाला था। उसमें पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। बताते हैं कि युवक की मौत के मामले में उसके परिवार वालों ने शिवानी और उसके परिवार वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस इसकी जांच कर रही थी। पुलिस ने एक बार आरोपियों की तलाश में गांव जाकर दबिश भी दी थी। इससे परिवार वाले डरे सहमे हुए थे।
इधर, बताते हैं कि शुक्रवार को अचानक पवन की पत्नी शिवानी की हालत बिगड़ गई। परिवार वाले उसे चंदौसी के प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार वाले देर रात शव को गांव लेकर पहुंचे। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में चर्चा है कि शिवानी ने भी जहर खाकर आत्महत्या की है।
शिवानी पति के आत्महत्या करने के मामले में आरोपी थी। उसकी मौत कैसे हुई है, यह अभी कहना मुश्किल है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। - प्रमोद कुमार, इंस्पेक्टर उघैती