बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव रफियाबाद में इंटरमीडिएट की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा का शव बरामदे में कुंडे पर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
बिनावर थाने के गांव रफियाबाद के कल्लू सिंह परिवार के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी 18 वर्षीय बेटी शिवानी यहां ताऊ नरेंद्र सिंह और ताई रेनुका देवी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। शिवानी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बताया जाता है कि बुधवार दोपहर नरेंद्र किसी काम से गया हुआ था, शिवानी घर पर अकेली थी। उसकी ताई रेनुका भी गांव में किसी के घर गई थीं। दोपहर बाद करीब तीन बजे रेनुका घर लौटी तो देखा कि शिवानी का शव बरामद में फांसी के फंदे पर लटक रहा है। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। इस बारे में उन्होंने सूचना पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष अजय शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। शिवानी ने फांसी क्यों लगाई, इसकी वजह साफ नहीं हो सकी है। परिवार वाले भी कुछ नहीं बता रहे हैं, साथ ही गांव वाले भी कुछ बताने से कतरा रहे हैं। शिवानी के माता-पिता को सूचना दे दी गई है। शिवानी के तीन भाई हैं। इनमें दो उससे बड़े और एक छोटा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि खुदकुशी की वजह साफ नहीं है। छात्रा के माता-पिता के आने के बाद उनसे बात की जाएगी। अगर कोई तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।