सहकारिता क्षेत्र के शेखूपुर स्थित चीनी मिल का संचालन दो दिन पूर्व उद्घाट0न बाद भी नहीं हो सका है। इसके बॉयलर में नई ट्यूब्स फिट करा दी गई हैं। ट्यूब्स को फटने से बचाने के लिए ही इसके सूखने तक हीटिंग रोक दी गई है। ट्यूब्स फिट हो जाने के बाद अब 12 दिसंबर को मिल संचालित होने की उम्मीद की जा रही है। मिल के जीएम राजीव जैन मिल संचालन को लेकर बेहद चिंतित हैं और मिल में ही डेरा डाले हुए हैं। ट्यूब को हर तरह से जांच परख कर फिट करने के लिए दिल्ली के इंजीनियर्स की टीम दिनरात लगी हुई है।
उद्घाटन के दिन गन्ना डालकर केन केरियर चला दिया गया था और उस दिन यह बता भी दिया गया था कि बॉयलर चालू हो जाने पर मिल का संचालन 11 दिसंबर को हर हाल हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब 12 दिसंबर को मिल चालू होने की बात चल रही है। अगर, कोई नई अड़चन नहीं आती है तो मिल का संचालन शुरू हो जाएगा।
कर्मचारियों की हड़ताल भी आई आड़े
अक्तूबर का समय मिल के संचालन की तैयारी में महत्वपूर्ण होता है। इस महीने में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बॉयलर में ट्यूब्स लगनी रह गई थी। दिल्ली की इंजीनियरिंग कंपनी ने उस समय यहां के लिए तैयार ट्यूब्स किसी और मिल को दे दी गईं। इसके बाद इन ट्यूब्स को हासिल करने में काफी कठिनाई हुई।
संचालन के बाद ट्रायल में भी लगेगा समय
बॉयलर फुंकने के बाद तत्काल मिल लगातार नहीं चल सकेगी। इसके बाद ट्राइल में भी समय लगेगा। फिलहाल मिल का लगातार संचालन संभव नहीं लग रहा है। जल्दी ही मिल अपनी क्षमताओं के अनुरूप चल उठेगी। फिलहाल, मिल की चिमनी ने अभी धुंआ उगलना शुरू नहीं किया है।
गन्ने की उपलब्धता पर मिल का संचालन होता है। उनके गन्ना से संबंधित अधिकारी फील्ड में लगे हुए हैं। 13 दिसंबर तक पर्चियां काटी जा चुकी है। एक टरबाइन का ट्रायल हो चुका है। बाकी 12 दिसंबर को ट्रायल और संचालन हो जाएगा। - राजीव जैन, जीएम, दि किसान सहकारी चीनी मिल, शेखूपुर।