मुसीबत से घिरे किसानों में मोगर के गन्ना किसान शेरसिंह का भी अपना दर्द है। इसी दर्द के चलते उन्होंने यदु शुगर मिल पर अटके अपने गन्ना का भुगतान मांगा है। इसके लिए अपनी समस्याएं रखी हैं। लंबे समय से उनको मांग के बावजूद भुगतान न मिल पाने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री को भावुक होकर पत्र लिखा है और कहा है कि वह गन्ना समिति के आगे 24 अप्रैल से परिवार समेत भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा है कि वह बीमार चल रहे हैं और मौसम ने सभी फसलें बर्बाद कर दी हैं। गन्ना का भुगतान नहीं मिला तो वह अपना इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने गन्ना सचिव, यदु शुगर मिल के महाप्रबंधक, जिला गन्ना अधिकारी हर किसी से भुगतान की गुहार लगाई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि आपके शासन काल में हम जैसे बुजुर्ग व बीमार लोगों को अपना हक लेने को भूख हड़ताल पर बैठना पड़ेगा, यह बड़ी शर्म की बात होगी। उनके साथ भूख हड़ताल पर बैठने वालों में उनकी पत्नी शोभा और दो पुत्र अवधेश, हृदयेश भी होंगे।