बदायूं। जिले में मंगलवार को रसायन विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षकों ने कठिन सवाल पूछे, जिन्हें सुनकर विद्यार्थी चकरा गए। हालांकि कई मेधावियों ने उनके सही उत्तर भी दिए। वहीं गृह विज्ञान की परीक्षा में छात्राओं ने पकवान बनाए। कपड़ों पर कढ़ाई करके परीक्षकों को चौंका दिया। परीक्षकों ने लिखित परीक्षा के साथ ही छात्रों के साथ सेल्फी लेकर एप पर परीक्षा के नंबर अपलोड किए।
नौ फरवरी से जिले के 138 स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रहीं हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सचल दल छापेमारी कर रहे हैं। वहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। मंगलवार को केमिस्ट्री व गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा देने अपने-अपने स्कूलों में विद्यार्थी पहुंचे।
छात्राएं बोलीं- स्कूल में ही बनवाया गया था भोजन
जीजीआई में गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा देने पहुंचीं छात्राओं ने स्वादिष्ट पकवान बनाए। शिक्षकों के साथ परीक्षक ने छात्राओं से भोजन बनाने के बारे में एक-एक कर पूछा। छात्राओं ने काफी अच्छे से उनके जवाब दिए। यहां करीब 50 छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षा के बाद परीक्षक व स्कूल के शिक्षकों ने छात्राओं द्वारा बनाए गए भोजन को ग्रहण किया। स्वादिष्ट भोजन की परीक्षक ने भी प्रशंसा की।
छात्रा सुहानी ने बताया कि वह इंटर की छात्रा है। गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा देने आई है। वहीं अनामिका ने कहा कि कपड़ों पर कढ़ाई कराई गई। साथ ही स्कूल में ही भोजन बनवाया गया। परीक्षक द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी दिए।
आरबी इंटर कॉलेज के छात्रों ने कहा कि उनकी केमिस्ट्री विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। मेहनत से परीक्षा की तैयारी की। परीक्षक ने कठिन से कठिन सवाल पूछे। कुछ छात्र तो सवाल सुनकर चकरा गए, लेकिन अधिकांश सही जवाब दिए।
जिले में मंगलवार को प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराई गई। इसके लिए सचल दल स्कूलों का निरीक्षण करते रहे। साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा को संपन्न कराया गया।- डॉ. प्रवेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक
जीजीआईसी में होम साइंस की प्रयोगात्मक परीक्षा देतीं परीक्षार्थी। संवाद
जीजीआईसी में होम साइंस की प्रयोगात्मक परीक्षा देतीं परीक्षार्थी। संवाद