अंशुमन हरी गुप्ता की सफलता पर परिजनों में खुशी
सीबीएसई परीक्षा में 99.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त करने वाले अंशुमन हरी गुप्ता की सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। अंशुमन ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी बिना किसी दबाव के की। हमेशा अपने मन को शांत रखा। उनका कहना है कि उन्होंने कभी टॉप करने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन लगातार मेहनत का परिणाम उन्हें इस रूप में मिला। इस उपलब्धि का श्रेय वह अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। अंशुमान का सपना आगे चलकर डॉक्टर बनना है। उनका मानना है कि यदि विद्यार्थी बिना तनाव के नियमित रूप से पढ़ाई करें, तो सफलता जरूर मिलती है।
दर्श को मिठाई खिलाते माता-पिता
- फोटो : संवाद
दर्श प्रकाश गुप्ता ने लक्ष्य निर्धारण को बताया सफलता की कुंजी
सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले दर्श प्रकाश गुप्ता की सफलता पर उनके माता-पिता ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। दर्श का कहना है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए सबसे पहले स्पष्ट उद्देश्य तय करना जरूरी होता है। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान कभी तनाव को हावी नहीं होने दिया और नियमित मेहनत पर ध्यान केंद्रित रखा। दर्श ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का प्रोत्साहन और शिक्षकों का मार्गदर्शन सबसे अहम रहा है। उनका मानना है कि सही दिशा में लगातार प्रयास करने से ही अच्छे परिणाम मिलते हैं। भविष्य में दर्श का लक्ष्य आईआईटी में प्रवेश लेकर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना है।
सीबीएसई टॉपर्स का अगला लक्ष्य सिविल सेवा, देश सेवा का सपना
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों की सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है। टिथोनस स्कूल में पढ़ने वाले अग्रिम दीक्षित ने 98.6 प्रतिशत के साथ जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनका कहना है कि उनकी अगली मंजिल सिविल सेवा की तैयारी कर आगे बढ़ना है। उनका मानना है कि देश और समाज के लिए कुछ बेहतर करने का सबसे प्रभावी माध्यम सिविल सेवा है, जहां से वे सीधे लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। उनकी यह सोच और दृढ़ संकल्प अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है कि वे केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित न रहें, बल्कि बड़े लक्ष्य निर्धारित कर देश और समाज की सेवा के लिए आगे बढ़ें।
एचपी इंटरनेशनल के हर्षित ने पाए 93.20 अंक
एचपी इंटरनेशनल स्कूल के हर्षित शंखधार ने 93.20 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। काव्या वैश्य 93 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और मो. फराज 92.40 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्कूल के चेयरमैन हरप्रसाद ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रबंध निदेशक शिवम पटेल और निदेशिका डॉ. सेजल पटेल ने इस उपलब्धि के लिए छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। प्रधानाचार्य संदीप पांडे ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं।