सैदपुर। वजीरगंज थाना क्षेत्र में सैदपुर-करेंगी मार्ग पर शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे बगरैन चौकी के पास किसी वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे छात्र अमनदीप (25) की मौके पर ही मौत हो गई। छात्र बीटीसी की पढ़ाई पूरी करने के बाद टीईटी की तैयारी कर रहा था। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव सरौरी निवासी महेंद्र पाल ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा अमनदीप शनिवार सुबह पैदल ही बगरैन जा रहा था। पैदल जाते समय सरौरी मार्ग के कट के पास पीछे से आए किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर और अचेत अवस्था में उसे वजीरगंज सीएचसी लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमनदीप पांच बहन-भाइयों में तीसरे नंबर का था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।