सिलहरी (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर शुक्रवार को एक ट्रक से कुचलकर 18 वर्षीय छात्र विवेक की मौत हो गई। छात्र किसी काम से बदायूं आ रहा था। रास्ते में सिलहरी गांव के पास हादसे का शिकार हो गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव नौली हरनाथपुर निवासी 18 वर्षीय विवेक पुत्र अतराज सिंह इंटरमीडिएट का छात्र था। वह बिसौली में किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था। परिवारवालों के मुताबिक विवेक शुक्रवार सुबह बाइक से किसी काम से बदायूं जा रहा था। वह हेलमेट लगाए हुए था। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सिलहरी गांव के पास सामने से आए ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में ट्रक से कुचलकर विवेक की मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बाद में पुलिस ने बाइक नंबर और मोबाइल के माध्यम से उसके परिवार वालों का पता लगाया और उन्हें हादसे की सूचना दी। इससे परिवार वाले भी रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।