बदायूं। शहर कोतवाली इलाके में बीएससी की एक छात्रा से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये के जेवर और 50 हजार नकद ठग लिए गए। इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे।जब छात्रा के परिवार वालों ने उनके घर जाकर शिकायत की तो एक आरोपी ने छात्रा के व्हाट्सएप नंबर पर सुसाइड नोट लिखकर भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी, उसके भाई, मां और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति का कहना है कि उनकी बेटी एक डिग्री कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। उन्होंने छात्रा की शादी तय की थी। छात्रा की ससुराल वालों के पास ही अरबाज और गुड्डू रहते हैं। उन्होंने छात्रा की ससुराल वालों के मोबाइल नंबर पर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजे। जब उनके परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो वह हैरान रह गए।
उन्हें पता चला कि करीब छह माह पहले दोनों भाइयों की बहन और मां छात्रा को अपने घर बुलाकर ले गई थीं। उसी दौरान आरोपियों ने छात्रा के मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए थे। उन्होंने छात्रा की इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी हैक कर ली थी। तब से वह लगातार छात्रा को ब्लैकमेल कर रहे थे। इससे उन्होंने छात्रा से दो लाख रुपये के जेवर और 50 हजार नकद ठग लिए।
जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों के घर जाकर इस हरकत के बारे में उनके परिवार वालों को बताया। वह घर आकर बैठे कि आरोपी अरबाज ने सुसाइड नोट लिखकर उनकी बेटी को व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। तब उन्होंने कोतवाली जाकर दोनों आरोपियों और उनकी मां, बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इसकी विवेचना शुरू कर दी है।