बदायूं। आल इंडिया नेशनलाइज्ड बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन ने राष्ट्रीयकृत बैंकों के निजीकरण के विरोध में 15 और 16 मार्च को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान लगातार चार दिन तक बैंक बंद रहेंगे। दरअसल 13 मार्च को महीने के दूसरे शनिवार और 14 मार्च को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में लोगों को एटीएम के भरोसे रहना महंगा पड़ सकता है।
मार्च में बैंकों में क्लोजिंग का काम होने के साथ ही शिवरात्रि और होली का त्योहार भी है। ऐसे में बैंकों में लेन-देन ज्यादा होगा। इस बीच आल इंडिया नेशनलाइज्ड बैंक आफिसर्स फेडरेशन ने बैंकों के निजीकरण के विरोध में दो दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। स्थानीय स्तर पर बैंक कर्मचारी हड़ताल को सफल बनाने में अभी से जुट गए हैं। दूसरे शनिवार और रविवार को अवकाश के बाद दो दिन की हड़ताल के कारण बैंक लगातार चार दिन बंद रहेंगे। इसके अलावा 11 मार्च को शिवरात्रि का अवकाश रहेगा। 21 मार्च को रविवार के अवकाश में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 27 और 28 मार्च को दो दिन होली का अवकाश है। हालांकि, 28 मार्च को रविवार भी है।
पंजाब नेशनल बैंक इंप्लाइज्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मलिक ने बताया कि संगठन ने दो दिन की हड़ताल का नोटिस दिया है। उच्च स्तर पर वार्ता भी चल रही है। निजीकरण के विरोध में दो दिन की हड़ताल सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी की जा रही हैं।