बच्चे की मौत के बाद नगर पालिका प्रशासन अलर्ट, एनओसी से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक होगी पड़ताल
बदायूं। शहर और आसपास संचालित स्विमिंग पूलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में अलापुर थाना क्षेत्र के आमादपुर स्थित एक वाटर पार्क के एक स्विमिंग पूल में बच्चे की मौत की घटना का नगर पालिका अध्यक्ष ने संज्ञान लिया है। उन्होंने नगर क्षेत्र एवं निकटवर्ती इलाकों में संचालित सभी स्विमिंग पूलों की जांच के आदेश जारी किए हैं।
नगर पालिका द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कई स्विमिंग पूल संचालक निर्धारित मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे भविष्य में भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक स्विमिंग पूल की गहन जांच कराई जाएगी।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
पालिका प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जांच टीम स्विमिंग पूलों में एनओसी और अनुमति पत्र, जल निकासी व्यवस्था, भवन उपयोग परिवर्तन की स्वीकृति, सुरक्षा मानकों का पालन, प्रदूषित जल के निस्तारण तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की पड़ताल करेगी। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने बताया कि जांच कार्य के लिए नगर पालिका परिषद ने अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम का गठन किया है। टीम में जलकल अभियंता नितिन सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब व अन्य शामिल किए गए हैं। पालिका अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि टीम तीन दिन के भीतर नगर क्षेत्र तथा उन निकटवर्ती क्षेत्रों में स्थित सभी स्वीमिंग पूलों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे, जहां नगर पालिका की ओर से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संवाद