उझानी में महाराजा अग्रसेन मार्ग का लोकार्पण करतीं पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल। संवाद
उझानी। उझानी में स्टेशन रोड अब महाराजा अग्रसेन मार्ग के नाम से जानी जाएगी। घंटाघर चौराहे और रेलवे स्टेशन के साथ लिंक रोड को जोड़ने वाले महाराजा अग्रसेन मार्ग का रविवार को पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल की मौजूदगी में पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने लोकार्पण किया। इसी के साथ उन्होंने कोतवाली गेट के सामने राजस्थानी परिवेश में बना आधुनिक यात्रीशेड जनता को समर्पित कर दिया।
स्टेशन रोड का नामकरण महाराजा अग्रसेन किए जाने के लिए नगर पालिका परिषद ने बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित किया था। स्वीकृति संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पालिका ने लोकार्पण का दिन भी महाराजा अग्रसेन की जयंती पर मुकर्रर किया था।
रविवार शाम करीब छह बजे पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल की मौजूदगी में पालिकाध्यक्ष ने महाराजा अग्रसेन मार्ग का फीता काटकर पूजन के बाद लोकार्पण किया तो अग्रवाल सेवा समिति के पदाधिकारियों समेत अन्य ने इस फैसले पर खुशी का इजहार किया।
इससे पहले पालिकाध्यक्ष ने कोतवाली गेट के सामने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की साइड में नवनिर्मित यात्रीशेड भी जनता को समर्पित कर दिया। करीब 12 लाख रुपये की लागत से बने राजस्थानी परिवेश का आधुनिक यात्रीशेड पत्थरों से बना है। लोगों को बैठने के लिए बेंच भी पत्थर की बनाई गई हैं। नजदीक में खान-पान की दुकानें होने की वजह से यह लोगों में खास महत्व रखेगा। इस मौके पर ईओ मणि जी सैनी, रामप्रवेश यादव, ब्रजेंद्र कुमार गोयल, प्रवीण कुमार मित्तल, राजकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।