सैदपुर। सैदपुर प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में देर रात्रि तक चले मुकाबलों में अशरफी क्रिकेट क्लब संग्रामपुर ने हतरा क्रिकेट क्लब को 71 रन, आतिफ क्रिकेट क्लब सैदपुर ने इस्लामनगर क्रिकेट क्लब इस्लामनगर को दस विकेट से हराया। इसी क्रम में काले खां क्रिकेट क्लब झंडा ने जूनियर झंडा क्रिकेट क्लब को सात रन से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
अशरफी क्रिकेट क्लब संग्रामपुर के कप्तान आजम खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित सात ओवर में बिना किसी विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। जवाब में हतरा क्रिकेट क्लब की टीम 70 रन ही बना सकी। हतरा क्रिकेट क्लब की ओर से सर्वाधिक 35 रन रोहित कुमार ने बनाए। विजेता टीम की तरफ से शादाब खान ने 79 रन और अमन खान ने 70 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए। अमन खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में इस्लामनगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 83 रन बनाए। जवाब में आतिफ क्रिकेट क्लब सैदपुर की टीम 3.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 84 रन बनाकर मैच दस विकेट से अपने नाम कर लिया। सैदपुर टीम के करीम ने 12 छक्के लगाकर 78 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में काले खां क्रिकेट क्लब के कप्तान काले खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित सात ओवर में 78 रन बनाए। जूनियर झंडा क्लब सैदपुर की टीम निर्धारित ओवरों में 71 रन ही बना सकी। विजेता टीम की तरफ से कप्तान काले खान ने सर्वाधिक 29 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया। सभी मैचों में अरुण कुमार और मेजर खान अंपायर रहे। संवाद