बगरैन (बदायूं)। खुसरो डिग्री कॉलेज सरौरी में एक जनवरी से चल रहे खुसरो स्मृति मंडलीय क्रिकेट टूर्नामेंट में आखिरी क्वार्टर फाइनल मैच सोमवार को खेला गया। बदन सिंह इंटर कॉलेज बगरैन और रामश्रीदेवी इंटर कॉलेज परसिया के बीच हुआ। इसमें बगरैन के कप्तान सचिन भारती ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में छह विकट पर 225 रन बनाए, जिसमें राहुल ने 105 रन, अकरम ने 37 रन, हरप्रसाद ने 26 रन का योगदान दिया। वहीं बगरैन के गेंदबाज वारिस ने तीन, अकरम ने दो, देवेश ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी परसिया की टीम ने शुुरुआती दौर में ही खराब प्रदर्शन किया। 50 रनों पर आधी टीम सिमट गई, जिसमें मोन्टी ने 19 रन, प्रशांत शर्मा ने 15 रन, शनि ने 19 रन बनाए। परसिया की टीम 13.5 ओवर में 10 विकेट पर 110 रन ही बना सकी। इससे बगरैन ने 115 रन से शानदार जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मैन ऑफ द मैच 105 रन बनाने वाले राहुल को शायर हिलाल बदायूंनी और प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह ने प्रदान किया। अंपायरिंग सुरजीत चौहान और सोमवीर सिंह ने और स्कोरिंग अनिल शर्मा, पवन शर्मा ने की। संचालन वेदपाल सिंह ने किया। 15 जनवरी को पहला सेमीफाइनल मैच मुन्नालाल इंटर कॉलेज वजीरगंज और बिसौली क्लब बिसौली के बीच खेला जाएगा। इस मौके पर धीरेश सिंह, डॉ. दीपक चौहान, उमेश भारती, ओमकार प्रधान, अजहर प्रधान, सत्यम मिश्रा, असलम आकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।