बदायूं। खेल दिवस यानी स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 अगस्त को कराया जाएगा, जिसमें कई विद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा इससे एक दिन पूर्व यानी 28 अगस्त को जिला स्तरीय बैडमिंटन सिंगल व डबल कंप्टीशन समेत दौड़ प्रतियोगिता भी कराई जाएंगी। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा विद्यालयों के विद्यार्थियों भाग लेने का आह्वान किया गया है।
क्रीड़ाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि 29 अगस्त को 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता सुबह साढ़े नौ बजे स्टेडियम में होगी, जिसके लिए टीमें 28 अगस्त की शाम पांच बजे तक अपनी निशुल्क प्रविष्टि करा सकती हैं। इसके अलावा 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की जिला स्तरीय बैडमिंटन सिंगल प्रतियोगिता एवं 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों की बैडमिंटन डबल प्रतियोगिता का आयोजन 28 अगस्त को सुबह 11 बजे बीआरबी मॉडल स्कूल में किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की सौ एवं दो सौ मीटर दौड़ तथा ओपन पुरुष/महिला वर्ग में सौ मीटर दौड़ का आयोजन स्टेडियम में किया जाएगा। खिलाड़ियों को अपने विद्यालयों से प्रधानाचार्य द्वारा प्रदत्त आयु प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा।