दीपक शर्मा को मैन ऑफ द मैच देते आयोजक। संवाद
बिल्सी। गांव सिरतौल में चल रहे सिरतौल प्रीमियर लीग (एसपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट में आज शनिवार को खेले गए मुकाबले में सिरतौल सुपर किंग्स ने सिरतौल वारियर्स को 29 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
टॉस जीतकर सिरतौल वारियर्स के कप्तान तेजवीर ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिरतौल सुपर किंग्स टीम की शुरुआत ठीक रही। ओपनिंग बल्लेबाज फरहान ने 12 और सोनू ने 10 रन बनाए। टीम का पहला विकेट 26 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए दीपक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 रन बनाए, जबकि कप्तान अखिल पाठक ने 17 रन का योगदान दिया।
निर्धारित ओवर में टीम ने 5 विकेट खोकर 82 रन बनाए। सिरतौल वारियर्स की ओर से गेंदबाजी में पारस सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अमन शर्मा को 1 विकेट मिला। इसके बाद 83 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरतौल वारियर्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 53 रन पर सिमट गई।
वारियर्स की ओर से शनि ने 17, विक्की ने 12, सुमित ने 10, अमन ने 9 और अभिषेक गुप्ता ने 8 रन बनाए। सिरतौल सुपर किंग्स की ओर से नीरज ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए, जबकि दीपक ने 4 विकेट झटके। ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर दीपक शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान आयोजन समिति के पवन उपाध्याय, अमित शर्मा, भुवनेश गौड़, अनुज गौड़, गोपी किशन, गफ्फार गौरी, मुनीश गुप्ता, सचिन शर्मा आदि मौजूद रहे।