बिसौली। सपा विधायक आशुतोष मौर्या के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के बाद अब उनकी पत्नी बिल्सी नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन सुषमा मौर्या और बहन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा भाजपा में शामिल हो गईं हैं। शनिवार को लखनऊ में सुबह 10 बजे दोनों को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। सपा के लिए यह बड़ा झटका है।
बदायूं लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के पक्ष में विधायक आशुतोष मौर्या की सक्रियता न दिखने से उनके बगावती तेवर साफ दिख रहे थे। बिसौली क्षेत्र में सपा के दिग्गज नेता और उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कई सभाएं कीं, लेकिन विधायक ने एक बार भी मंच साझा नहीं किया। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने उन्हें फोन किया तो उन्होंने बाहर होने की बात कहकर असमर्थता जता दी।
अब विधायक आशुतोष की पत्नी और बहन के भाजपा में शामिल होने से यह साफ हो गया कि वह आगे का अपना सियासी सफर भाजपा के साथ शुरू करने का मन बना चुके हैं। उनके इस कदम से बिसौली के राजनीतिक मिजाज में आए बदलाव ने सपा के लिए चुनौती बढ़ा दी है। लखनऊ में जिस समय आशुतोष मौर्या की पत्नी और बहन भाजपा में शामिल हुुईं, उसी समय बिसौली के पूर्व सपा विधायक योगेंद्र गर्ग उर्फ कुन्नू बाबू के बेटे आशीष गर्ग, सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मनोहर सिंह यादव, जिला सचिव बेचे सिंह ठाकुर, इस्लामनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख आर्येंद्र कुमार भी भाजपा में शामिल हो गए।
बदले राजनीतिक समीकरणों से सपा को नुकसान होने के सवाल पर जिलाध्यक्ष आशीष यादव का कहना है कि विधायक आशुतोष मौर्य की पत्नी और बहन के भाजपा में जाने से सपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बिसौली क्षेत्र की जनता ने वोट आशुतोष मौर्या को नहीं बल्कि सपा के सिंबल को दिया था। मतदाता सपा से जुड़े हैं, किसी से व्यक्तिगत नहीं।
किसका करेंगे चुनाव प्रचार... इस सवाल पर खामोश हैं आशुतोष
बदायूं। लोकसभा चुनाव में सपा विधायक आशुतोष मौर्या पार्टी प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के पक्ष में प्रचार करेंगे या भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य के लिए वोट मांगेगे, यह सवाल हर किसी की जुबान पर है। अमर उजाला ने जब विधायक से इस सवाल का जवाब जानना चाहा तो यह कहकर टाल दिया कि यह आप अपने आप सोचिए।
सपा के इन कार्यक्रमों से दूर रहे विधायक आशुतोष
21 फरवरी : सपा ने रामलीला मैदान के निकट पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सम्मेलन किया।
16 मार्च : शिवपाल सिंह यादव चुनावी दौरे पर आए। पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन किया।
30 मार्च : शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव आए। चुनावी सभा की।
लखनऊ में इन लोगों ने भी सदस्यता ली
सपा के जिला सचिव प्रभाकर शर्मा उर्फ लिट्टे, दयानंद शर्मा और फैजगंज बेहटा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन महेश चंद्र गुप्ता के बेटे अजय गुप्ता टीटू ने भी भाजपा की सदस्यता ली।