बिल्सी। पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना से संक्रमित हुए सपा नेता एवं क्षेत्र के गांव अंबियापुर निवासी रविंद्र शाक्य का मंगलवार सुबह एम्स दिल्ली में निधन हो गया। पंचायत चुनाव के दौरान वह संक्रमित हुए थे। मंगलवार को उनका कछला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
32 वर्षीय रविंद्र शाक्य (सपा युवजन महासभा के पूर्व जिला महासचिव) पिछले दिनों अपने गांव से पत्नी वैजयंती शाक्य को ग्राम प्रधान बनाने के लिए पंचायत चुनाव में मेहनत कर रहे थे। उसी दौरान वह कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां भी हालत न सुधरी तो उन्हें उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। निधन के बाद मंगलवार को उनका शव गांव लाया गया। गांव में पूर्व मंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, सपा नेता उदयवीर शाक्य, जिला सचिव रईस अहमद, सपा नगर अध्यक्ष रंजीत वार्ष्णेय, डा. मुकेश मौर्य, किशोरी लाल, सईद अहमद, शाहनवाज अल्वी, सरताज हुसैन, अवधेश यादव व अवधेश लड्डा आदि ने उनके आवास पर पहुंच कर संवेदना व्यक्त की।