दातागंज कोतवाली में खड़ा मादक पदार्थ तस्कर।स्रोत:पुलिस
बदायूं। दातागंज पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को 155 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास से चाकू व 22025 रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के अलावा उसके दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान कल्यानपुर तिराहे से एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना नाम गांव फिरोजपुर बझा निवासी राधा कृष्ण उर्फ मटरू बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 155 ग्राम स्मैक, एक चाकू व 22025 रुपये बरामद हुए।
उसने बताया कि वह और उसके भाई अनिल व सुधीर बरेली के तस्करों से स्मैक खरीदकर क्षेत्र समेत आसपास के लोगों को बेचते हैं। इससे उन्हें मोटा मुनाफा होता है। पुलिस ने राधा कृष्ण उर्फ मटरू, अनिल कुमार व सुधीर के खिलाफ एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने गिरफ्तार राधा कृष्ण को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि उसके दो भाइयों की तलाश की जा रही है।