बदायूं। चार दिन धूप खिलने के बाद मंगलवार को अचानक मौसम बदल गया। वायु में धूल और धुएं के सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ने के कारण मंगलवार को जहां आसमान में धुंध छाई रही। दोपहर में भी धूप का असर कम रहा। शाम होते ही एक बार फिर धुंध ने वातावरण को अपनी आगोश में ले लिया।
पिछले कई दिनों तक आसमान में धुंध और बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली थी। बदायूं के आसपास के जिलों में बूंदाबांदी और बारिश होने के बाद शुक्रवार को मौसम में बदलाव आया था। इसके बाद शुक्रवार से सोमवार तक आसमान साफ रहा। धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इससे लोगों को काफी राहत मिली थी। हालांकि, इस दौरान मौसम के जानकार यह भी कह रहे थे कि दिसंबर के पहले सप्ताह में मौसम करवट लेगा। प्रदूषण बढ़ने के कारण धुंध और कोहरा तो छाएगा ही। इसके साथ ही बादल छाने और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। मंगलवार को सुबह से ही मौसम बदल हुआ नजर आया।
मौसम और पर्यावरण के जानकारों का कहना है कि वायु में हानिकारक गैसों और कणों की मात्रा बढ़ने से हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। मंगलवार को जिस तरह का मौसम बना है उससे साफ है कि वायु के एक्यूआई में वृद्धि हुई है। इसके साथ ही वायु में पीएम 10 और पीएम 2.5 के कणों की मात्रा में आने वाले दिनों में इजाफा होगा। फिलहाल, मौसम साफ और खुशनुमा होने की संभावना कम ही है।
कोहरा और बादल छाने की संभावना
मौसम के जानकारों का कहना है कि दिसंबर का पहला सप्ताह मौसम के लिहाज से काफी बदलाव का हो सकता है। मंगलवार को दिसंबर के पहले ही दिन जिस तरह से मौसम ने करवट ली है। इससे साफ है कि अगले सप्ताह तक मौसम में और भी बदलाव होगा। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इसके साथ ही कोहरा, बादल और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम नौ से दस डिग्री के बीच बना हुआ है। अगर न्यूनतम तापमान और नीचे गिरता है तो शीतलहर का प्रकोप शुरू हो जाएगा।