बदायूं। दिसंबर मध्य निकलने के बाद तापमान अब और गिरने लगा है। सर्द हवा रात में शीतलहर का अहसास कराने लगी है। शनिवार को अधिकतम तापमान औसतन 12.4 और अधिकतम 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप रही, लेकिन रात में सर्द हवाओं के साथ कोहरे का असर भी देखने को मिला। शहर के भीतर तो कोहरा कम रहा, लेकिन शहर के बाहर शाम होते ही कोहरे का असर दिखने लगा।
आमतौर पर सर्दियों का सीजन दिसंबर मध्य तक शुरू हो जाता है। दिसंबर मध्य तक शीतलहर का असर भी दिखने लगता है, लेकिन इस बार सर्दियों का सीजन ही देरी से शुरू हुआ। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम का कहना है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण बढ़ रहे तापमान का असर है कि सर्दियां देर से शुरू हो रही हैं। इधर तापमान में कमी आने के साथ वायु की गुणवत्ता भी खराब होने लगी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार इजाफा हो रहा है।
शनिवार को बदायूं का एक्यूआई 200 के आसपास दर्ज किया गया। एक्यूआई में इजाफा होने के कारण आने वाले दिनों में कोहरा और धुंध के कारण सांस और अस्थमा पीड़ित लोगों को परेशानी बढ़ने वाली है। सोमवार से शुरू होने वाले सप्ताह में तापमान तेजी से गिरने का अनुमान है। मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छा सकते हैं। रात में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो जाएगा। इन दिनों पश्चिमी हवाओं का असर अभी ज्यादा नहीं बढ़ा है। सोमवार से शुरू होने वाले सप्ताह में पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ने के साथ मौसम में नमी कम हो जाएगी और तापमान में भी कमी आएगी।
20 दिसंबर के बाद मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम ने बताया कि 20 दिसंबर के बाद मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान है। इस बीच 25 दिसंबर तक बदायूं समेत कुछ स्थानों पर बादल छाने के बाद हलकी बूंदाबांदी भी हो सकती है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भी कुछ दिन बादल छाने का अनुमान है। आने वाले सप्ताह में कुछ बादल छाने के कारण धूप पूरी तरह से नहीं खिलेगी। इसके बाद तापमान में गिरावट जाएगी।