बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक रविवार दोपहर को नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कपड़ों व चप्पलों से मृतक की शिनाख्त हुई। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम भेजने के साथ जांच शुरू कर दी है।
बदायूं में 19 मई से लापता ग्राम प्रधान मोहम्मद सफीक के भाई फारुख का कंकाल रविवार दोपहर राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक खेत में मिला। उनकी पहचान कपड़ों, चप्पल और बेल्ट से हुई है। सूचना मिलने के बाद उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव मौसमपुर निवासी ग्राम प्रधान मोहम्मद सफीक के भाई फारुख गल्ला व्यापारी थे। वह 19 मई को उझानी पेमेंट लेने गए थे। उसके बाद लौटकर नहीं आए। इसके अगले दिन प्रधान ने थाने में जाकर गुमशुदगी दर्ज करा दी। तब से परिवार वाले लगातार उन्हें तलाश कर रहे थे।
उनके रिश्तेदार भी खोजबीन कर रहे थे। रिश्तेदारों ने ही छोटे भाई शाने आलम को कंकाल मिलने की सूचना दी, जिससे परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। सीओ उझानी शक्ति सिंह, कोतवाली उझानी और मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।