दातागंज के आली नगला में गेहूं की फसल में लगी आग। संवाद
- फोटो : katra news
दातागंज। क्षेत्र के गांव आली नगला में कटरी की जमीन में आग लगने से करीब छह हजार यूकेलिप्टस के पेड़ और 500 बीघा गेहूं की नरई जलकर राख हो गई। अग्निशमन की गाड़ी काफी प्रयास के बाद भी मौके तक नहीं जा सकी। क्षेत्रीय लोग अपने प्रयासों से आग बुझाने में जुटे रहे। लगभग चार घंटे के की मशक्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कहीं-कहीं चार घंटे बाद भी आग की लपटें दिखाई देती रहीं।
पीड़ित किसान और ग्राम प्रधान बछलियां के टोनी सिंह ने बताया की सोमवार को दोपहर तीन बजे राम गंगा की कटरी वाली जमीन में अचानक आग लग गई। इन खेतों में गेहूं की फसल खड़ी हुई थी, जो कंपाइन के द्वारा कटवा ली गई थी। करीब 500 बीघा जमीन में गेहूं की नरई खेतों में थी। नरई का मशीन द्वारा भूसा बनाया जाना था। इसके अलावा 35 बीघा के रकवा में महेश सिंह, बन्नो, टोनी सिंह, हरीश, रामपाल, कुंवरपाल और अवनीश के खेत की मेढों पर लगभग छह हजार यूकेलिप्टस के पेड़ खड़े हुए थे। अग्निकांड में जल गए। सूचना पर अग्निशमन की गाड़ी तो जरूर पहुंची, लेकिन आग लगने वाले स्थान तक रास्ता न होने की वजह से नहीं पहुंच सकी। गांव वालों ने ट्रैक्टरों से खेत जोतकर और ट्यूबवेल व इंजन से पानी की बौछार करके आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ स्थानों पर आग अभी भी सुलग रही है।