उझानी/ कछला। राजस्थान के भरतपुर जिले से बाबा की अस्थियां विसर्जन करने कछला गंगा घाट आए एक ही परिवार के छह लोग डूब गए। नाविक और गोताखोरों ने चार को बचा लिया लेकिन दो छात्र लापता है। उनकी तलाश के लिए मुरादाबाद से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों के साथ जुटी है। दोनों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के चिटसाना थाना क्षेत्र के गांव पीरनगर के 35 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोमवार की सुबह कछला घाट आए। यह लोग अपने बाबा अमरीश का अस्थि विसर्जन करने के बाद गंगा स्नान करने लगे। स्नान करते हुए सुमित (17) पुत्र विजय सिंह, सुमीर (16) पुत्र रामवीर के साथ ही गौरव (21), दीवान (17), मोनू (18) और राजरानी (17) गहरे पानी में चले गए। वह डूबने लगे तो उनको देखकर परिवार के लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर नाविक और गोताखोरों ने मोनू, राजरानी, गौरव और दीवान को बाहर निकाल लिया। तब तक राजरानी, मोनू और गौरव बेहोशी हो गए थे। चारों का प्राथमिक उपचार कराया गया तो उनको होश आया। वहीं सुमित और सुमीर को गोताखोर नहीं तलाश पाए।
मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने इसकी जानकारी एसडीएम को दी। एसडीएम ने मुरादाबाद से एसडीआरएफ की टीम बुलाई। वह टीम दोनों की तलाश में जुटी हुई है। लापता किशोराें के परिजन अमित ने बताया कि सुमित और सुमीर चचेरे-तहेरे भाई है। सुमित 11वीं और सुमीर 12वीं का छात्र है।
महिलाओं का सब्र टूटा तो संभालना हुआ मुश्किल
सुमित और सुमीर के न मिलने से वहां मौजूद महिलाओं का रो- रोकर बुरा हाल है। परिवार की दो- तीन महिलाएं रोते हुए गंगा में कूद पड़ीं। वह गोताखोरों के पास तक जाने की जिद पर अड़ गईं। परिवार के लोग भी उनके पीछे दौड़ पड़े। महिलाओं को संभालना मुश्किल हो गया। परिवार के लोगों ने उन्हें समझाया, तब कहीं जाकर वह घाट पर लौटीं। इसे लेकर घाट पर अफरा-तफरी मची रही। ।
-
परिवार में सुमित छोटा तो सुमीर है सबसे बड़ा
- गंगा में डूबे किशोरों के परिजनों ने बताया कि विजय सिंह की चार संतान में सुमित सबसे छोटा है। अमित और भोला उससे बड़े हैं। बहन पिंकी है। वहीं सुमीर दो भाइयों में सबसे बड़ा हैं। छोटा भाई करन भी साथ था, लेकिन गंगा स्नान के दौरान वह घाट पर ही रहा। बहन भूरी भी आई, लेकिन वह परिवार की महिलाओं के साथ खाना बनाने में जुटी थी। सुमीर और सुमित की तलाश के दौरान ही परिवार की महिला सदस्यों को घर भेज दिया गया।
कछला घाट पर हादसे के बाद लापता किशोरों के परिजनों से बात करते एसडीएम मोहित कुमार। संवाद
कछला घाट पर हादसे के बाद लापता किशोरों के परिजनों से बात करते एसडीएम मोहित कुमार। संवाद
कछला घाट पर हादसे के बाद लापता किशोरों के परिजनों से बात करते एसडीएम मोहित कुमार। संवाद
कछला घाट पर हादसे के बाद लापता किशोरों के परिजनों से बात करते एसडीएम मोहित कुमार। संवाद
कछला घाट पर हादसे के बाद लापता किशोरों के परिजनों से बात करते एसडीएम मोहित कुमार। संवाद