छात्र को जमीन पर गिरा कर ईंट से वार करते डॉक्टर। स्रोत-वायरल वीडियो
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्रों से मारपीट के आरोप में सोमवार को छह जूनियर डॉक्टरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका शांतिभंग में चालान किया गया। सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जमानत दे दी गई।
राजकीय मेडिकल कॉलेज से बीएससी नर्सिंग कर रहे भरभना चौराहा इटावा के छात्र वीर प्रताप यादव ने रविवार शाम को 10 जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि जूनियर डाक्टरों ने तन्यम प्रताप, यस तोमर, मोहित तिवारी, अमन यादव, अंकित गुप्ता, अनुज शर्मा के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। इस दौरान अमन यादव को गंभीर चोटें आईं व कुछ अन्य मामूली रूप से घायल हो गए।
सोमवार को थाना पुलिस ने दबिश देकर छह जूनियर डाॅक्टरों अंकित, अखिलेश यादव, मेधांशु सिंह, शुभम कुमार राठी, हितेश और शिवांग मणि त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में घायल हुए छात्रों का मेडिकल कराया गया है। छात्र अमन को गंभीर चोटें आने के कारण उसका एक्स-रे भी कराया गया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अन्य नामजद चार आरोपियों और उनके अज्ञात साथियों की तलाश जारी है। अभी छह लोगों का शांति भंग में चालान किया गया है।