फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: मारपीट-धमकी केस में चार सगे भाइयों सहित छह दोषी करार, एक साल तक सदाचारी बने रहने का आदेश

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी (पीए एक्ट) राजवीर सिंह की कोर्ट ने मारपीट और धमकी के मामले में सुनवाई करते हुए सगे भाइयों में वीर सहाय, लालाराम, घनश्याम, इतवारी लाल और मूलचंद्र व हप्पू निवासी ग्राम सरौता थाना उझानी को दोषी करार दिया। कोर्ट ने सभी दोषसिद्ध को एक-एक साल तक सदाचारी बने रहने और कोई भी अपराध न करने की सजा सुनाई है।
विज्ञापन

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि दोषसिद्ध अगर इस अवधि में कोई अपराध करते हैं या सदाचारी नहीं रहते हैं तो उन्हें दंड के प्रश्न पर सुनने के बाद दंडित किया जाएगा।
कोर्ट ने धारा 323 और 504 के अंतर्गत दोषसिद्ध प्रत्येक को 25-25 हजार रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी धनराशि के दो-दो जमानती जिला प्रोबेशन अधिकारी के समक्ष सात दिन में प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सभी को परवीक्षा पर छोड़े जाने का आदेश दिया है। इस केस में सभी दोषसिद्ध को धारा 452 और एससी-एसटी (पीएल एक्ट) से दोषमुक्त कर दिया।
विज्ञापन

बता दें कि सरौता गांव निवासी खेमकरन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि वह अनुसूचित जाति का है। गांव के ही वीर सहाय, लालाराम, घनश्याम, इतवारी लाल, राजू, मूलचंद्र व हप्पू उच्च जाति के दबंग किस्म के हैं, जिनसे उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। 19 अक्तूबर 2017 को शाम करीब 5 बजे आरोपी उसके घर में घुस आए गालीगलौज कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर लात घूसों से मारपीट की।
शोर सुनकर भतीजी और गांव के नन्हें सहित अन्य ग्रामीण आ गए और उन्हें आरोपियों से बचाया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। थाना उझानी में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। न मेडिकल कराया। घटना के बाद आरोपियों ने और परेशान करना शुरू कर दिया था। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली।
कोर्ट ने परिवाद दर्ज कर 19 जून 2018 को आरोपियों को तीनों धाराओं में विचारण के लिए तलब किया था। आरोपियों ने आरोपों से इन्कार किया। इसके बाद कोर्ट ने प्रकरण में सुनवाई शुरू की थी। इस केस में अभियुक्त राजू की मृत्यु हो चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें