बदायूं। ब्लॉक जगत के गांव नैथू में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। गांव में 100 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। हालात यह हैं कि अधिकांश परिवारों में एक-दो लोग बीमार हैं, जबकि कुछ परिवारों के लगभग सभी सदस्य बुखार की चपेट में हैं। गांव में स्वास्थ्य विभाग की जांच में पांच मरीज डेंगू के मिल चुके हैं। निजी लैब में जांच कराने के बाद मरीज प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
आशू, आकिब, राजकुमार का कहना है कि बुखार से पीड़ित लोग गांव में लगाए जा रहे स्वास्थ्य विभाग के कैंप में जांच कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां डेंगू या अन्य बीमारी के पॉजिटिव मरीज नहीं मिल रहे हैं। इसके बाद कई लोग निजी पैथोलॉजी में जांच करा रहे हैं। वहां की जांच रिपोर्ट में कुछ मरीज पॉजिटिव आ रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें निजी अस्पतालों में उपचार कराना पड़ रहा है। वहीं, आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर कुछ मरीज झोलाछापों से इलाज कराने को मजबूर हैं।
मोरपाल, अनेक पाल, निशा, दयाराम, रजनी के मुताबिक, कई मरीजों को तीन-चार दिन से लगातार बुखार है। घर में एक सदस्य के बीमार होने के बाद दूसरा सदस्य भी बुखार की चपेट में आ जा रहा है। इससे ग्रामीणों में बीमारी को लेकर डर बना हुआ है। उनका कहना है कि गांव में स्वास्थ्य विभाग को घर-घर सर्वे कराकर बुखार से पीड़ित प्रत्येक व्यक्ति की जांच करानी चाहिए, ताकि बीमारी की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। गांव में साफ-सफाई और जलभराव की स्थिति की भी जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि निजी लैब में पॉजिटिव आने वाले मरीजों की सरकारी स्तर पर भी जांच कराई जाए। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि गांव में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की वास्तविक स्थिति क्या है।
गांव में फैली गंदगी, भरा पानी
गांव में हर तरफ गंदगी की भरमार है। नालियों की काफी समय से सफाई तक नहीं हुई है। इसकी वजह से मच्छर पनप रहे हैं। साथ ही एक खाली पड़े प्लाट में भरा पानी सड़क तक आ गया है।
गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। जो भी बुखार पीड़ित मिले हैं, उन्हें दवाइयां दी गई हैं। साथ ही लोगों को ओआरएस के पैकेट भी बांटे जा रहे हैं। -डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
नैथू गांव में जिला स्तरीय टीम ने किया सर्वे
जगत। ब्लॉक जगत के गांव नैथू में पांच डेंगू के मरीज मिलने के बाद बुधवार को जिलास्तर से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. तहसीन, डॉ. पवन जायसी, डॉ. असलम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने गांव में कैंप लगाया। टीम ने बुखार से पीड़ित लोगों की जांच करने के साथ ही घर-घर जाकर बीमारी की स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों से बुखार के मरीजों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। टीम ने गांव में मच्छरजनित बीमारी की स्थिति का सर्वे किया। ग्रामीणों की ओर से बड़ी संख्या में लोगों के बुखार से पीड़ित होने की बात बताई गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के शिविर में कुल 131 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 55 मरीज बुखार से पीड़ित मिले, जिनकी जांच कराई गई। इसमें सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। संवाद
गांव में बुखार काफी समय से फैला हुआ है। मेरे परिवार में जांच में 10 लोगों को डेंगू निकला है। उनका इलाज बदायूं और बरेली में कराया जा रहा है। गांव की स्थिति अत्यंत खराब है। - राजकुमार, नैथू
गांव में करीब एक सप्ताह से बुखार का प्रकोप ज्यादा फैला हुआ है। लोग अपना इलाज करा रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी शिविर लगाया है। - वीरेंद्र कुमार
मीरापुर में 44 मरीजों की जांच में दो डेंगू पॉजिटिव निकले
सैदपुर। मीरापुर गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सीएचसी की आरबीएस टीम ने 44 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 19 वर्षीय प्रेमवती और 18 वर्षीय विमल कुमार की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। दोनों को उपचार की सलाह दी गई है। इस संबंध में एमओआईसी डॉ. जुनैद मेहंदी ने बताया कि टीम लगातार गांव में कैंप कर रही है। जो भी बुखार से पीड़ित मरीज उनको दवाएं दी जा रही हैं। संवाद
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग
जिला सर्विलास अधिकारी डॉ. तहसीन जांच करते हुए। स्रोत विभाग