बदायूं के रोडवेज बस अड्डा के पास बस का इंतजार कर रहे यात्री। संवाद
बदायूं/बिसौली। भैयादूज मनाने के बाद अपने घरों को लौट रहीं बहनों को बृहस्पतिवार को बसों की अव्यवस्था के चलते काफी परेशानी हुई। शहर से देहात तक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
ग्रामीण इलाकों में रोडवेज बसों के न रुकने और पर्याप्त बसें न मिलने से यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। त्योहार पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर पहुंची थीं। रस्म पूरी करने के बाद जब उन्होंने वापसी का सफर शुरू किया तो परिवहन व्यवस्था की बदहाली ने मुश्किलें बढ़ा दीं।
बसों के इंतजार में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सड़क किनारे खड़े रहे। काफी देर तक बस नहीं मिलने पर मजबूरी में उन्हें डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ा। रात के समय लोकल रूट पर बसें कम होने के कारण यात्रियों को अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि त्योहारों पर हर साल भीड़ बढ़ती है, बावजूद इसके ग्रामीण रूटों पर अतिरिक्त बसों और नियमित ठहराव की व्यवस्था नहीं होती।
यात्रियों ने त्योहारों के बाद परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विशेष इंतजाम की मांग की है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि बसों के जहां स्टॉप बने हुए वहां पर बस रोककर यात्रियों को बैठाया गया। इसके साथ ही जिस रूट की सवारी अधिक थी उस रूट पर बसों को भेजा गया।