बदायूं शहर में स्थित रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़। संवाद
बदायूं। भैयादूज पर बुधवार को बहनों की भीड़ के आगे रोडवेज और रेलवे की व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आईं। भाइयों के माथे पर तिलक लगाने और उनकी लंबी उम्र की कामना करने के लिए निकली बहनों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। बसें नहीं मिलने पर तमाम लोगों ने ट्रेन का सहारा लिया, लेकिन रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ रही। ट्रेनों में चढ़ने के लिए मारामारी की स्थिति बनी रही।
त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से व्यवस्था की थी, लेकिन यात्रियों की संख्या अधिक होने से बसें कम पड़ गई। कचहरी, पुलिस चौराहा, इंदिरा चौक और मंडी समिति समेत प्रमुख स्थानों पर बहनों और अन्य यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। बस आते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
वहीं, ट्रेनों का भी यहीं हाल रहा। कोई ट्रेन में खिड़की के रास्ते अंदर घुसने का प्रयास करता दिखा तो कोई प्लेटफॉर्म की दूसरी तरफ से ट्रेन में चढ़ता नजर आया।
इधर, बदायूं डिपो के एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि लंबी रूट पर बसों के बेहतर इंतजाम किए गए। बस अड्डे पर ज्यादा भीड़ नहीं रही।
जिले में 10 करोड़ रुपये का हुआ मिठाई कारोबार
बदायूं। भैया दूज पर मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से देर दोपहर तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बहनों ने भाइयों के लिए मिठाई खरीदी। रोडवेज और रेलवे स्टेशन के आसपास की दुकानों पर भी खूब बिक्री हुई। मिठाई कारोबारी मोनू गुप्ता के अनुसार त्योहार पर जिले में करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। कई दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। संवाद
बदायूं शहर में स्थित रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़। संवाद