बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव तिरेंचा की तीन बहनों ने अपने तीन भाइयों और उनके बच्चों पर पिता का अपहरण करने का आरोप लगाया है। बहनों का आरोप है कि तीनों भाई कार से आए और उनके साथ मारपीट करते हुए पिता को कार में डालकर ले गए। उन्होंने एसपी देहात के सामने पेश होकर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार दोपहर तिरेंचा गांव की रामश्री और उनकी बहन सुखदेवी एसएसपी कार्यालय पहुंची। उन्होंने बताया कि वह तीन भाई और तीन बहनें हैं। तीनों भाई उनसे अलग रहते हैं, जबकि तीनों बहनें पिता खूबचंद के साथ अलग रहती हैं। उनके पिता ने तीनों बहनों के नाम पांच-पांच बीघा जमीन भी कर दी है, जिससे वे खेती कर अपना पेट पाल रही हैं। अभी उनकी शादी नहीं हुई है।
रामश्री के मुताबिक एक अक्तूबर को उसके तीनों भाई, एक भाई का बेटा और पत्नी समेत आठ लोग घर में घुस आए। उन्होंने रामश्री, सुखदेवी और तीसरी बहन जयदेवी के साथ मारपीट की। उनके पिता खूबचंद को कार में डालकर ले गए। तब से उनके पिता का कुछ पता नहीं चला रहा है। उन्होंने इस संबंध में थाना पुलिस को भी सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तीनों बहनों का आरोप है कि तीनों भाई जबरन पिता के नाम की जमीन अपने नाम कराना चाहते हैं। एसपी देहात ने मामले की जांच कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।