बदायूं। बरेली मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) डॉ. तेजपाल ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला महिला अस्पताल में एक तीमारदार ने प्रसव के नाम पर रुपये मांगने की शिकायत की। इस पर उन्होंने जांच के आदेश दिए।
अपर निदेशक स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) डॉ. तेजपाल ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां पर उन्होंने ओपीडी का निरीक्षण किया। यहां मरीजों की भीड़, डॉक्टरों की उपलब्धता, पर्चा काउंटर और दवा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज की स्थिति जानी। कई मरीजों ने समय पर जांच और दवाएं मिलने की बात कही, जबकि कुछ ने भीड़ अधिक होने की समस्या बताई।
इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया। वहां मौजूद डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी ली। इमरजेंसी में उपलब्ध उपकरणों, दवाओं और स्टाफ की स्थिति के बारे में पूछा। जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उनके उपचार और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था को भी परखा गया। निरीक्षण के दौरान एडी हेल्थ जिला महिला अस्पताल भी पहुंचे।
यहां एक तीमारदार ने आरोप लगाया कि प्रसव कराने के नाम पर उससे रुपये मांगे गए। शिकायत सुनते ही एडी हेल्थ ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाया गया तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला महिला अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों से किसी प्रकार की अवैध वसूली न हो। सभी को पारदर्शी तरीके से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके बाद में एडी ने सीएमओ कार्यालय में सीएमओ, सीएमएस, डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ के साथ बैठक की। साथ जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीएचसी दातागंज भी पहुंचे एडी हेल्थ
दातागंज। सीएचसी पर अचानक पहुंचे एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल ने निरीक्षण किया। दवाओं के रखरखाव को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवा लेने में कोई कठिनाई न हो। दवाओं को व्यवस्थित करके रखा जाए ताकि इमरजेंसी में भी दवा आसानी से जल्दी मिल सके। उनके निरीक्षण में बाकी सबकुछ ठीक-ठाक मिला। इस मौके पर पूरा स्टाफ मौजूद रहा। संवाद
तकनीकी खामियां दूर कर मशीनें जल्द चालू कराने के निर्देश
सैदपुर। बरेली एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल टीम ने बृहस्पतिवार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर लैब से संबंधित उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने एक-एक उपकरण की स्थिति परखी और उनकी कार्यक्षमता की जानकारी ली। जांच के दौरान फार्मासिस्ट इकबाल कादरी से जानकारी ली, तब टीम ने पाया कि कुछ उपकरण तकनीकी कारणों से अभी तक पूरी तरह क्रियाशील नहीं हो सके हैं। इस पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक खामियों को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जांच संबंधी सुविधाएं सुचारु रूप से मिल सकें। संवाद